शाह अलर्ट


भोपाल । मध्यप्रदेश में आज डॉ मोहन यादव के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता निर्वाचित होेने और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के त्यागपत्र के साथ ही राज्य में नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने चौहान का त्यागपत्र स्वीकार करते हुए उन्हें नए मुख्यमंत्री की शपथ तक अपने पद पर कार्य करने के लिए कहा है।


प्रदेश भाजपा कार्यालय में शाम को नवनिर्वाचित 163 विधायकों की बैठक में डॉ यादव को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्रीय संगठन की ओर से नियुक्त पार्टी के तीनों पर्यवेक्षकों हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पार्टी ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष के लक्ष्मण और पार्टी सचिव सुश्री आशा लाकड़ा की उपस्थिति में डॉ यादव को भाजपा विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया। इस बैठक में निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने डॉ मोहन यादव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल कर नेता चुने जाने पर शुभकामनाएं दी हैं।
श्री कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता निर्वाचित होने पर डॉ मोहन यादव को शुभकामनाएं। वे आशा करते हैं कि वह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में विधिपूर्वक और राग-द्वेष से रहित होकर शासन करेंगे।


शिव राज चौहान ने नेता पद के लिए डॉ यादव के नाम का प्रस्ताव किया, जिसका समर्थन सभी नेताओं ने किया। इसके साथ ही यह भी तय हो गया कि डॉ मोहन व्यक्ति के रूप में राज्य के बीसवें मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा सोलहवें विधानसभा चुनाव में कुल 230 सीटों में से 163 सीटों पर विजय हासिल कर फिर से सरकार बनाने जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री अब चौहान के स्थान पर श्री यादव होंगे।


बैठक के तत्काल बाद चौहान राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। इसके साथ ही डॉ यादव ने नयी सरकार बनाने का दावा विधिवत पेश किया। राज्यपाल ने श्री चौहान का त्यागपत्र स्वीकारते हुए नए मुख्यमंत्री की शपथ तक उनसे इस पद पर कार्य करने के लिए कहा है। साथ ही राज्यपाल ने डॉ यादव को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। माना जा रहा है कि डॉ यादव इस सप्ताह में ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


डॉ यादव के नाम की घोषणा के बाद उन्होंने बैठक में मौजूद सभी नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने का काम किया है और यह केवल भाजपा में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य श्री चौहान ने किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही भोपाल में श्री यादव के खास समर्थकों में के बीच जश्न का माहौल बन गया। वहीं श्री यादव के गृह नगर उज्जैन में भी परिजनों, पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोगों ने शानदार जश्न मनाया।


भावी मुख्यमंत्री डॉ यादव को श्री चौहान के अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हार्दिक बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *