शाह अलर्ट

बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। समाजवादी पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ इंडिया गठबंधन के साथ है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएगा।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में देश की सीमाएं असुरक्षित है। सरकार न तो सीमा की सुरक्षा कर पा रही है और न हमारे सैनिकों की सुरक्षा कर पा रही है। चीन घुसपैठ कर रहा है। 1962 के युद्ध में सीमा की रक्षा करने वाले हमारे जवानों की याद में बने मेमोरियल को चीन ने तोड़ दिया। लेकिन सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। घर-घर में नौजवान बेरोजगार बैठा है। भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था लेकिन वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के सवाल पर भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। भाजपा सरकार को लेकर पूरे देश में अविश्वास का माहौल है। भाजपा सरकार आम जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय दूसरे मुद्दों में उलझाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के जरिए विपक्षी दलों और नेताओं को बदनाम कर रही है। भाजपा को लोकसभा चुनाव में हार का डर सता रहा है इसलिए संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नोटबंदी नीति पूरी तरह से फेल रही। हर स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ा है।


शनिवार को बलिया दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नारा देकर, गांव में वैन चलाकर और प्रधानों का बजट काट कर देश विकसित नहीं हो सकता है। भाजपा ने आम जनता को एक बार फिर झूठे सपने दिखाना शुरू किया है। पिछले वादे जमीन पर नहीं दिखाई दे रहे हैं। भाजपा ने यूपी में इन्वेस्टमेंट समिट में 40 लाख करोड़ निवेश का सपना दिखाया था। करोड़ों नौकरियों का सपना दिखाया था लेकिन आज किसी जिले में कोई फैक्ट्री लगती नहीं दिखाई दे रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो गया है। गरीबों और किसानों न्याय नहीं मिल पा रहा है। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था तो खराब है ही इसने स्वास्थ्य और शिक्षा को भी बर्बाद कर दिया। आज प्राइमरी स्कूल से लेकर इंटरमीडिएट तक सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या कम होती जा रही है। आईटीआई और पॉलिटेक्निक में भी एडमिशन लेने वालों की संख्या कम हो रही है। भाजपा सरकार नए तरीके के व्यापार और जरूरत के हिसाब से शिक्षा देने के बजाय अपनी विचारधारा के हिसाब से शिक्षा देना चाहती है। भाजपा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दे रही है। आज छात्रों को नौकरी और रोजगार की शिक्षा की आवश्यकता है तभी समाज और देश का भला होगा। बलिया में समाजवादी सरकार में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया। इस विश्वविद्यालय में नये कोर्स और नई तरह की शिक्षा की जरूरत थी जिससे बलिया और पूर्वांचल के नौजवानों को अच्छी शिक्षा मिलती, टेªनिंग मिलती तो नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलता जिससे हजारों युवाओं का भाग्य बदलता। लेकिन इस सरकार का ध्यान अच्छी शिक्षा पर नहीं है। यह समाज को दूसरी दिशा में ले जाना चाहती है।


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को हराना है। समाजवादी पार्टी उसी दिशा में काम कर रही है। समाजवादी पार्टी ने 80 हराओ, भाजपा हटाओ का नारा दिया है। भाजपा सरकार हटेगी तभी किसानों, नौजवानों का सपना पूरा होगा। नौकरी, रोजगार मिलेगा। किसानों की फसलों का लाभकारी मूल्य मिल पाएगा। जातीय जनगणना होगी और सभी को सामाजिक न्याय मिल पाएगा।


इससे पहले अखिलेश यादव ने आज बलिया में पार्टी जिलाध्यक्ष रहे राजमंगल यादव के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। समाजवादी पार्टी के बलिया जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव का बीते दिनों राजधानी लखनऊ में हुई दुर्घटना में निधन हो गया था। यादव ने कहा कि राजमंगल ने राजनीति की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी। वह पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी को मजबूत किया। दुर्घटना में उनके निधन से हम सभी लोग दुःखी है और उनकी कमी हमेशा खलेगी।

इसके बाद यादव ने पार्टी के जिला सचिव रहे राजेन्द्र पाण्डेय के आवास पर पहुंचकर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को सांत्वना दी। श्री राजमंगल यादव के साथ दुर्घटना में श्री राजेन्द्र पाण्डेय भी घायल हो गये थे। उनका बाद में निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *